Friday, February 4, 2011

तारों का सन्देश

पृथ्वी से कोसों दूर,
उस स्याह काले आकाश में,
कितने ही झिलमिलाते, जगमगाते
टिमटिमाते, चमचमाते
लाखों करोड़ों तारे
न जाने किसकी ओर इशारा करते हैं,
धरती पर बरसती हजारों खुशियों की,
या फिर इंसान के मन में भरे आक्रोश की, गुस्से की..
क्या वो रौशनी एक आग है,
जो ये तारे बरसाना चाहते हैं,
या सिर्फ हमारा मार्ग रोशन करने की चाह??
क्यों कभी ये टूटते हैं, बिखरते हैं??
या फिर इस अंधियारी रात से भी ज्यादा..
एक अन्धकार में विलीन हो जाते हैं,                                 
शायद ये बताना चाहते हैं, हमे,
दूसरों को रोशनी देने के लिए,
यदि खुद को जलाओगे                                               
तो अँधेरे से भी गहरे अन्धकार में विलुप्त हो जाओगे
ये ही दुनिया की रीती है...
और ये ही एक सत्य... 

विद्रोही तारा और चाँद का डर



दूर कहीं उस काले आसमान में,

एक बेहद चमकीला तारा है,
अँधेरे के साथ साथ ..
उसकी चमक भी बढती जाती है,
आज की रात कुछ ज्यादा शांत है, गंभीर है,
किसी तूफ़ान से पहले की शान्ति हो जैसे.
तभी एक गहरी चमक के साथ,
वो तारा तेजी से धरती की ओर बड़ा
मन में आक्रोश था या घमंड,
वो विद्रोही तारा पृथ्वी से जा टकराया
और कोटि कोटि प्रकाश कणों में बिखर गया
पूरे आकाश में एक हलचल हुई, और फिर ....शान्ति 
चाँद साक्षी है, इस पुरे वृतान्त का
मगर आँखें मूंदे खड़ा है                                                                       
शायद अपनी चाँदनी खोने से डरता है,
फिर होती है एक और हलचल,
करोड़ों चाँद और तारों की रौशनी लिए,
उदय होता है एक और तारा,
सारे तारे, और चांदनी को समेटे हुए वो डरपोक चाँद,
जो न जाने कितने ही हादसों का, 
खौफनाक मंजरों का, गवाह है
चुपचाप, आसमान के आँचल में सो जाता है
फिर से एक अँधेरी भयानक रात में,
शायद ऐसे ही एक और हादसे का गवाह बनने के लिए.............